2 हजार रुपए की किस्त ने बढ़ाया हौसला, किसान दुर्गेश यादव की खेती को मिला नया सहारा

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का बड़ा माध्यम बन रही है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम बिजरवार के किसान दुर्गेश यादव इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। योजना से मिलने वाली नियमित सहायता ने उनकी खेती-किसानी को नई दिशा दी है और आर्थिक चुनौतियों को काफी हद तक कम किया है।
दुर्गेश यादव सीमित कृषि भूमि पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वे बताते हैं कि पहले खेती के लिए बीज, खाद और अन्य जरूरी कृषि सामग्री जुटाना आसान नहीं था। कई बार आर्थिक तंगी के कारण खेती की तैयारियों में परेशानी आती थी। लेकिन प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली सहायता ने उनकी मुश्किलें कम कर दी हैं।

दुर्गेश यादव को योजना के तहत हर तीन महीने में 2 हजार रुपए की राशि सीधे बैंक खाते में मिलती है। समय पर मिलने वाली यह रकम खेती के मौसम में काफी मददगार साबित होती है। इससे वे बीज, उर्वरक और अन्य जरूरी कृषि सामग्री खरीद पाते हैं। खेती की लागत का दबाव कम हुआ है और काम अधिक व्यवस्थित तरीके से हो रहा है।
उनका कहना है कि इस योजना ने सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं दी, बल्कि किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ाया है। अब वे खेती की बेहतर योजना बना पाते हैं और उत्पादन बढ़ाने के लिए नए प्रयास करने का साहस भी जुटा रहे हैं।
दुर्गेश यादव बताते हैं कि उनके गांव और आसपास के कई किसान भी इस योजना का लाभ ले रहे हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से किसानों को राहत मिली है और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए कहा कि यह पहल छोटे किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। समय पर मिलने वाली सहायता से खेती अधिक लाभकारी और टिकाऊ बन रही है।



