
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल में निर्धारित मात्रा से अधिक एथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल मिलाने वाली पेट्रोल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी? राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा, “E20 अब 420 बन गया है, जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी हो रहा है।”
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा कर कर्नाटक सरकार की ओर से पेट्रोल के नमूनों की कराई गई जांच का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि राज्य के सात जिलों से लिए गए 14 नमूनों में से 11 में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक पाई गई है।
राहुल गांधी के मुताबिक, जांच में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के पेट्रोल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के पेट्रोल में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत पेट्रोलियम (BPCL), नायरा और शेल जैसी कंपनियों के पेट्रोल नमूनों में भी निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल पाया गया। वहीं, कंपनियों की अपनी प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट में एथेनॉल की मात्रा का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात कहती है, लेकिन उपभोक्ताओं को वास्तविकता में इससे अधिक मात्रा वाला ईंधन मिल रहा है। जनता पेट्रोल की पूरी कीमत चुका रही है, जबकि उसकी गाड़ियों में अधिक मात्रा में एथेनॉल डाला जा रहा है।
राहुल गांधी ने यह भी चिंता जताई कि सभी वाहन अधिक मात्रा में एथेनॉल के इस्तेमाल के अनुकूल नहीं हैं। इससे वाहनों का माइलेज प्रभावित हो सकता है और इंजन संबंधी समस्याओं के साथ मरम्मत का खर्च भी बढ़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों पर आखिर कब कार्रवाई की जाएगी?



