एआई से डरेंगे तो पीछे रह जाएंगे: ओपी चौधरी बोले- नई तकनीक अपनाने वाले ही करेंगे भविष्य का नेतृत्व

रायपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन में युवाओं को दिया नवाचार और उद्यमिता का संदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि बदलती तकनीक से डरने की जरूरत नहीं है। इसे सीखकर और अपनाकर ही भविष्य में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि केवल नौकरी की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि नए विचारों के साथ अपना काम शुरू करने और रोजगार देने वाले बनने का लक्ष्य रखें।

वित्त मंत्री रायपुर स्थित महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (एमएआईसी) में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे समय में युवाओं को नई तकनीकों की जानकारी रखना और खुद को समय के अनुसार तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास शिक्षा, शोध और नवाचार की मजबूत परंपरा पर आधारित रहा है। आने वाले समय में भी वही देश और समाज आगे बढ़ेंगे, जो नई सोच और नए प्रयोगों को अपनाएंगे।
ओपी चौधरी ने कहा कि दुनिया की कई बड़ी कंपनियां नए विचारों के दम पर वैश्विक पहचान बना चुकी हैं। इसलिए युवाओं को भी अपनी प्रतिभा पर भरोसा रखते हुए कुछ नया करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर नई तकनीक अपने साथ कुछ चुनौतियां लेकर आती है, लेकिन उसी के साथ नए अवसर भी पैदा होते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि तकनीक कई काम आसान बना सकती है, लेकिन इंसान की संवेदनशीलता, करुणा और मानवीय व्यवहार की जगह कभी नहीं ले सकती। इसलिए स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए हमेशा बेहतर संभावनाएं बनी रहेंगी।
वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार “छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047” पर काम कर रही है। इसके तहत नवा रायपुर को तकनीक और नवाचार का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। साथ ही विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के युवा आने वाले समय में देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।



