यूरोप में Heatwave का कहर: 18 मौतें, गर्म कार में दम घुटने से 2 बच्चों की जान गई

पेरिस। यूरोप के कई देश इन दिनों भीषण Heatwave की चपेट में हैं। फ्रांस, स्पेन, पुर्तगाल और इटली में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। सबसे ज्यादा असर फ्रांस में देखने को मिल रहा है, जहां गर्मी से जुड़ी घटनाओं में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी अत्यधिक गर्म हो चुकी कार में दम घुटने से मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी फ्रांस में 2 और 4 साल के बच्चे एक कार में बेहोश मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से बच्चों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ने की अपील की है।
कई शहरों में टूटा तापमान का रिकॉर्ड
फ्रांस के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। बोर्डो में 41.9 डिग्री, पोइटियर्स में 41.2 डिग्री, रेनेस में 40.6 डिग्री और एंगर्स में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। सेंटेस में पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया। पोइटियर्स में 1947 का पुराना रिकॉर्ड भी टूट गया है।
राजधानी पेरिस में तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में यह 40 डिग्री के पार जा सकता है।
स्पेन और इटली में भी अलर्ट
भीषण गर्मी का असर स्पेन, ब्रिटेन और इटली में भी दिखाई दे रहा है। स्पेन के सैन सेबेस्टियन में 40 डिग्री तापमान की आशंका जताई गई है। वहीं इटली ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 12 शहरों में रेड अलर्ट जारी किया है।
जलवायु परिवर्तन बना बड़ी चिंता
विशेषज्ञों का कहना है कि Climate Change के कारण यूरोप तेजी से गर्म हो रहा है। लगातार बढ़ती Heatwave न केवल लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है, बल्कि जनजीवन और दैनिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर रही है।




