श्रीकृष्ण की कहानी ने जीता दर्शकों का दिल, ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ की बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत

मुंबई। भगवान श्रीकृष्ण की गाथा पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। धार्मिक और भावनात्मक कहानी पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। बिना बड़े सुपरस्टार के भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत कर फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है।
7 मई को फिल्म के पेड प्रीव्यू शो आयोजित किए गए थे, जिसके बाद 8 मई को फिल्म को आधिकारिक रूप से रिलीज किया गया। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार फिल्म ने पेड प्रीव्यू से करीब 40 लाख रुपये का कलेक्शन किया। वहीं रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला।
इंडस्ट्री ट्रैकर के मुताबिक ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: हृदयम’ ने पहले दिन लगभग 1.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। 1549 शोज के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 1.88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। फिल्म की सफलता यह साबित कर रही है कि भगवान श्रीकृष्ण की कहानियों से दर्शकों का जुड़ाव आज भी बेहद मजबूत है।
फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जयना और सुष्मिता भट मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का लेखन और निर्देशन हार्दिक गज्जर ने किया है। इसे ‘क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज एंटरटेनमेंट’ और ‘अथाश्रीकथा मोशन पिक्चर्स’ के बैनर तले बनाया गया है।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों से कड़ी टक्कर मिल रही है। अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, रितेश देशमुख की ‘राजा शिवाजी’ और कपिल शर्मा-नीतू कपूर स्टारर ‘दादी की शादी’ पहले से सिनेमाघरों में मौजूद हैं। इसके बावजूद ‘कृष्णावतारम’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है।
फिल्म समीक्षकों का मानना है कि धार्मिक और पारिवारिक फिल्मों के दर्शकों के बीच यह फिल्म आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।


