रायपुर में पहली बार महिला इंटरनेशनल क्रिकेट का रोमांच, जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले जाएंगे टी-20 मुकाबले

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर अब अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के बड़े मंच के लिए तैयार है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस साल पहली बार भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलती नजर आएगी। बीसीसीआई ने आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके तहत भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच ऐतिहासिक द्विपक्षीय सीरीज खेली जाएगी।
इस सीरीज में कुल 6 सफेद गेंद के मुकाबले होंगे। रायपुर में तीन टी-20 मैच आयोजित किए जाएंगे, जबकि वडोदरा में तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। यह पहली बार होगा जब जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आएगी और दोनों देशों की महिला टीमें द्विपक्षीय सीरीज में आमने-सामने होंगी।
अब तक रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में केवल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं। महिला टीम के मैचों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे रायपुर को महिला क्रिकेट के नए केंद्र के रूप में भी पहचान मिलने की उम्मीद है।
बीसीसीआई आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए महिला क्रिकेट को लगातार बढ़ावा दे रहा है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में होने वाली महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह सीरीज भारतीय महिला टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयारी और संयोजन मजबूत करने का मौका मिलेगा।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि रायपुर में महिला अंतरराष्ट्रीय मैच होने से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों और युवा क्रिकेटरों को भी प्रेरणा मिलेगी।
स्टेडियम में मैचों की तैयारियां जल्द शुरू होने की संभावना है। सुरक्षा, दर्शक सुविधा और आयोजन को लेकर प्रशासन और क्रिकेट बोर्ड विशेष तैयारी करेगा।



