स्कूल में शराब पीते मिला शिक्षक, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम तेलियापानी लेदरा के शासकीय स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक शराब पीते हुए दिखाई दे रहा है। घटना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला स्कूल समय का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक स्कूल के एक कमरे में शराब का सेवन करता नजर आ रहा है। मौके पर दो शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान भी दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों को शिक्षा दी जानी चाहिए, वहां इस तरह की घटना बेहद गंभीर है।
शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी एफ. आर. वर्मा ने संबंधित प्रधान पाठक से प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की पूरी जांच कराई जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो कब का है और शिक्षक ने स्कूल परिसर में ही शराब का सेवन किया था या नहीं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग सभी तथ्यों की जांच कर रहा है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्कूलों में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं अभिभावकों ने भी दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



