देशभर में अचानक बजे मोबाइल अलर्ट: सरकार ने किया आपातकालीन सिस्टम का टेस्ट

नई दिल्ली। शनिवार दोपहर करीब 11:42 बजे देशभर में लोगों के मोबाइल फोन अचानक तेज SOS साउंड के साथ बजने लगे, जिससे लोग हैरान रह गए। स्क्रीन पर हिंदी और अंग्रेजी में आपात संदेश दिखाई दिया, जिससे पता चला कि यह सरकारी अलर्ट सिस्टम की टेस्टिंग है।
संदेश में स्पष्ट किया गया कि भारत सरकार स्वदेशी तकनीक से विकसित सेल ब्रॉडकास्ट सेवा का परीक्षण कर रही है और यह केवल एक टेस्ट है, इसलिए किसी भी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है।
संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग (DoT) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने मिलकर इस सिस्टम को सक्रिय किया है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, मौसम चेतावनियों और अन्य आपात स्थितियों की जानकारी तुरंत लोगों तक पहुंचाना है।
यह सिस्टम सी-डॉट (C-DOT) द्वारा विकसित किया गया है और इसके जरिए 19 से अधिक भारतीय भाषाओं में अब तक अरबों अलर्ट संदेश भेजे जा चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, यह अलर्ट सिस्टम पूरी तरह स्वदेशी है और इसे बड़े पैमाने पर आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है। इसी तरह की तकनीक का उपयोग इजरायल जैसे देश भी अपनी सुरक्षा चेतावनियों के लिए करते हैं।मोबाइल यूजर्स चाहें तो अपने फोन की सेटिंग में जाकर Emergency Alert सिस्टम को ऑन या ऑफ कर सकते हैं।



