भानुप्रतापपुर में माइंस ठेकेदार के ठिकानों पर GST की बड़ी रेड, दस्तावेज जब्त

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के घर और दफ्तर पर शुक्रवार देर रात जीएसटी विभाग ने संयुक्त छापेमारी की। दिल्ली और रायपुर से आई टीम ने दो स्थानों पर एक साथ कार्रवाई करते हुए वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की।
यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे शुरू होकर 1 बजे तक चली। टीम ने बाजारपारा स्थित आवास और दल्ली रोड स्थित कार्यालय पर दबिश दी। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और प्रिंटर समेत अन्य सामग्री जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेकेदारी का काम करता है। पूरी कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जीएसटी टीम ने कौन-कौन से दस्तावेज जब्त किए हैं। विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कुछ महीने पहले ठेकेदार के रायपुर स्थित कार्यालय पर जीएसटी की छापेमारी हो चुकी है। इस मामले में ठेकेदार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।



