AITA चुनाव सम्पन्न: चिंतन पारिख अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ के गुरुचरण सिंह होरा बने संयुक्त सचिव

नई दिल्ली। ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गए हैं, जिसमें सभी पदों पर नए प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर सुरिंदर गोयल ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की।
चुनाव में चिंतन पारिख को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि सुंदर अय्यर को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश अरोड़ा निर्वाचित हुए हैं।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात यह रही कि छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को संयुक्त सचिव (पश्चिम) के पद पर चुना गया है। उनके चयन को राज्य के खेल जगत में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से खेल और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय होरा से संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उपाध्यक्ष पद पर आठ सदस्यों का चयन किया गया है, जिनमें अनिल धूपर, असित त्रिपाठी, हिरोन्मय चटर्जी, प्रेमकुमार कर्रा, राजन कश्यप, रक्तिम सैकिया, रोहित राजपाल और सुमन कपूर शामिल हैं।
संयुक्त सचिव पदों पर क्षेत्रवार चयन भी किया गया है, जिसमें कैप्टन मुर्ति गुप्ता (उत्तर), डॉ. सुजीत रॉय (पूर्व) और सुनील याजमान (दक्षिण) को जिम्मेदारी दी गई है।
गुरुचरण सिंह होरा के चयन पर छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी और इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।



