सुशासन तिहार 2026: जनसमस्या निवारण शिविरों से मिल रहा त्वरित समाधान, मोहनलाल को मौके पर मिली किसान किताब
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाकर उनकी समस्याओं का मौके पर ही पारदर्शी समाधान किया जा रहा है।

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सरखों में विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतों और मांगों का निराकरण किया।
ग्राम बनारी निवासी मोहनलाल ने अपने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक किसान किताब से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत किया।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने आवेदन पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मोहनलाल को मौके पर ही नई किसान किताब सौंप दी।
अपनी समस्या का चंद घंटों में समाधान होने पर मोहनलाल ने संतोष व्यक्त किया और इस पहल को जनहितकारी बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
यह शिविर शासन और प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण पेश कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है।



