मुख्यमंत्री ने ‘अविस्मरणीय यात्रा’ पुस्तक का किया विमोचन

रायपुर, 30 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में पत्रकार नीरा साहू द्वारा लिखित पुस्तक ‘अविस्मरणीय यात्रा’ का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने लेखिका को उत्कृष्ट रचना के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित विशेष सत्र और शासकीय संकल्प के लिए आभार जताया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को मजबूत करने वाली ऐतिहासिक पहल बताया।
मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों के अध्ययन भ्रमण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक भ्रमण से दृष्टि का विस्तार होता है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा-वृत्तांत पर्यटन प्रेमियों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगा।
कार्यक्रम में निशा द्विवेदी, चित्रा पटेल, लवलीना शर्मा, जनसंपर्क विभाग की उप संचालक डॉ. दानेश्वरी संभाकर, सहायक संचालक संगीता लकड़ा और आमना खातून सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।




