बस्तर कनेक्शन: 18 साल की महिला नक्सली के सरेंडर के बाद बड़ा असर, 47 और माओवादी हथियार डालने की तैयारी
जगदलपुर से जुड़ी नक्सल मोर्चे की बड़ी खबर सामने आई है, जहां तेलंगाना में हुए एक आत्मसमर्पण ने पूरे बस्तर नेटवर्क को हिला दिया है। मुलुगु जिले में 18 वर्षीय महिला माओवादी मुडियम रामे उर्फ राजिता ने पुलिस के सामने हथियार डालकर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया। वह बीजापुर के बसागुड़ा क्षेत्र की रहने वाली थी और साउथ बस्तर डिवीजनल कमेटी के साथ सक्रिय भूमिका में थी। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे पुनर्वास योजना के तहत 25 हजार रुपये की सहायता दी है, जो नक्सल संगठन के भीतर बढ़ती कमजोरी का संकेत माना जा रहा है।
47 नक्सली सरेंडर की तैयारी में, बस्तर पर सीधा असर
इस एक आत्मसमर्पण के बाद बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ कैडर के 47 और माओवादी जल्द ही आत्मसमर्पण करने की तैयारी में हैं। ये सभी नक्सली बटालियन नंबर-1 से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनके साथ कमांडर हेमला वेज्जा भी शामिल है। हैदराबाद में होने वाले इस बड़े सरेंडर कार्यक्रम में कुल 34 हथियार भी सौंपे जाएंगे। यह आत्मसमर्पण तेलंगाना पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के सामने होगा और इसे सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इस घटनाक्रम का सीधा असर बस्तर में देखने को मिलेगा, क्योंकि आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश नक्सली इसी क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। लगातार बढ़ते आत्मसमर्पण से साफ संकेत मिल रहा है कि नक्सल संगठन के अंदर मनोबल टूट रहा है और मुख्यधारा में लौटने की प्रवृत्ति तेज हो रही है।



