रेत माफिया का खौफनाक खेल: सोते चौकीदार को कुचल गया ट्रक, मौके पर मौत

शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रेत माफिया का खतरनाक चेहरा सामने आया है। निर्माणाधीन प्लॉट में सो रहे 40 वर्षीय अशोक कुमार कहार को देर रात रेत लोड वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अशोक वहां चौकीदारी के साथ राज मिस्त्री का काम करता था और रात में वहीं सो रहा था। इसी दौरान रेत डंप करने पहुंचे छोटे ट्रक के चालक ने उसे नहीं देखा और सीधे गाड़ी चढ़ा दी। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
लापरवाही या माफिया की दबंगई? बड़े सवाल खड़े
जिले में रेत का ठेका नहीं होने के कारण अवैध उत्खनन और परिवहन लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे माफिया के हौसले बुलंद हैं। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की निगरानी और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा महज लापरवाही का नतीजा था या इसके पीछे अवैध रेत कारोबार की भूमिका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि माफिया न सिर्फ नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि अधिकारियों को धमकाने से भी नहीं चूक रहे। ऐसे में यह घटना साफ संकेत देती है कि अवैध रेत कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जरूरत पहले से ज्यादा बढ़ गई है।



