सेवा सेतु से आसान हुई सरकारी सेवाएं, घर बैठे मिला विवाह प्रमाण पत्र

रायगढ़ की दुर्गा सिदार ने बिना दफ्तरों के चक्कर लगाए कराया जरूरी दस्तावेज, ग्रामीणों के लिए राहत बन रहा पोर्टल।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाओं को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में शुरू किया गया सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू इस व्यवस्था के जरिए अब कई जरूरी प्रमाण पत्र और शासकीय सेवाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
रायगढ़ जिले के रायगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम सांगीतराई की दुर्गा सिदार इसका ताजा उदाहरण हैं। उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के लिए विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार सरकारी दफ्तर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।
दुर्गा सिदार ने सेवा सेतु पोर्टल के बारे में जानकारी मिलने के बाद जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के कुछ ही दिनों में उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी हो गया। उन्होंने बताया कि बिना किसी भागदौड़ के समय पर दस्तावेज मिलने से उन्हें काफी राहत मिली।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से केवल विवाह प्रमाण पत्र ही नहीं, बल्कि आय, जाति, निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, भू-अभिलेख, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रम, राजस्व और नगरीय प्रशासन से जुड़ी कई सेवाएं भी एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो रही है। अब छोटे-छोटे कामों के लिए भी लंबी दूरी तय कर सरकारी कार्यालय नहीं जाना पड़ता। इससे समय की बचत होने के साथ सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता और लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
दुर्गा सिदार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि सेवा सेतु ने आम लोगों का जीवन आसान बनाया है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और बेहतर नागरिक सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



