मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का असर, एक कॉल में मिली पूरी जानकारी

जशपुर परिवहन विभाग ने शिकायत का किया तुरंत समाधान, आवेदक ने जताया संतोष।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों का तय समय में निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को जरूरी जानकारी और सेवाएं समय पर मिल रही हैं। इसका एक ताजा उदाहरण जशपुर जिले में देखने को मिला।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से एच.एल. भगत ने परिवहन विभाग को आवेदन भेजकर झारखंड राज्य के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी करने की सुविधा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।

शिकायत मिलते ही जिला परिवहन कार्यालय जशपुर ने मामले की जांच शुरू की। 25 जून 2026 को विभाग के अधिकारियों ने आवेदक से दूरभाष पर संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। उन्हें बताया गया कि फिलहाल झारखंड राज्य के लिए वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन एनओसी जारी करने की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
इसके साथ ही विभाग ने एनओसी प्राप्त करने की ऑफलाइन प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई। अधिकारियों ने बताया कि प्रपत्र-28, चेसिस नंबर ट्रेस, आधार कार्ड, बीमा प्रमाण-पत्र, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, मूल पंजीयन प्रमाण-पत्र (आरसी) और एनसीआरबी रिपोर्ट जैसे आवश्यक दस्तावेज संबंधित जिला परिवहन कार्यालय में जमा कर एनओसी प्राप्त की जा सकती है।
पूरी जानकारी मिलने के बाद आवेदक ने समाधान पर संतोष व्यक्त किया और किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई। जिला परिवहन अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शासन और नागरिकों के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बन चुकी है। हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों का त्वरित और जिम्मेदारी के साथ निराकरण किया जा रहा है, ताकि लोगों को समय पर आवश्यक सेवाओं और जानकारी का लाभ मिल सके।


