2036 ओलंपिक के नाम 2036 पौधे: सीएम साय ने खिलाड़ियों संग किया पौधारोपण

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के ग्राम पलोद में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित वृक्षारोपण एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेल और पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्र निर्माण के दो महत्वपूर्ण आधार बताया।

2036 ओलंपिक के समर्थन में विशेष पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए दावा पेश किया है। इसी संकल्प को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने के लिए कार्यक्रम में 2036 पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पौधारोपण अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वस्थ भारत बनाने का संदेश है।
खेल प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतर मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं और बेहतर खेल अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव मिला है। वहीं बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाई है। इस वर्ष लाखों युवाओं ने बस्तर ओलंपिक में हिस्सा लेकर खेलों के प्रति अपनी रुचि दिखाई है।
खिलाड़ियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों के लिए विशेष बजट और प्रोत्साहन योजनाओं पर लगातार काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यप ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से खेलों और पर्यावरण संरक्षण दोनों क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



