मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, बारातियों से भरे ट्रक और कंटेनर की टक्कर में 11 की मौत

Maharashtra के पालघर जिले में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर बारातियों से भरे ट्रक और तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक की जोरदार टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक हादसा पालघर के धानीवरी इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक में 100 से ज्यादा बाराती सवार थे, जो शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन ने अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान की जा रही है।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ओवरलोडिंग से बचें।


