अमित शाह के दौरे के बीच रायपुर में धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट, भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा

रायपुर में सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच हुई इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
जानकारी के मुताबिक, धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद कौशिक ने पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के डायल-112 वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम की तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा। बघेल ने लिखा कि सरकार “डायल 112” को हरी झंडी दिखाती रही और उधर चोर धरमलाल कौशिक का मोबाइल लेकर “9-2-11” हो गए।
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में कहा कि जब देश के गृहमंत्री अमित शाह खुद छत्तीसगढ़ में मौजूद हैं, उसी दौरान राजधानी में मॉर्निंग वॉक कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता के साथ लूट होना कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चोरी, लूट और चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर “रीलबाजी और स्वागतबाजी” में व्यस्त रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार” जैसे अभियान से जमीनी हकीकत नहीं बदलेगी।
इधर पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।



