खजुराहो को बड़ी सौगात: बनेगा 15 करोड़ का आयुष वेलनेस सेंटर, युवाओं के लिए खुलेगा स्किल इंस्टीट्यूट

मध्यप्रदेश के पर्यटन नगरी खजुराहो को जल्द ही स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। खजुराहो में 15 करोड़ रुपए की लागत से 50 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक आयुष वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए ईएलआईटी शिक्षण संस्थान को भी मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, यह आयुष वेलनेस सेंटर आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा का बड़ा केंद्र बनेगा। यहां स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे। सेंटर में पंचकर्म और नेचुरोपैथी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसका संचालन राष्ट्रीय आयुष मिशन और मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग मिलकर करेंगे।
खजुराहो पहुंचे क्षेत्रीय सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह परियोजना खजुराहो की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के सैकड़ों नए अवसर पैदा होंगे। होटल, पर्यटन, हेल्थ और वेलनेस सेक्टर में स्थानीय लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
सांसद वीडी शर्मा ने बताया कि खजुराहो आने वाले दिनों में राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े आयोजनों का भी गवाह बनने जा रहा है। 26 और 27 मई को आयुष मंत्रालय की संसदीय स्टैंडिंग कमेटी की अहम बैठक खजुराहो में आयोजित होगी। इसमें केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव, कई सांसद और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर खजुराहो में 25वें काउंटडाउन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रशासन और पर्यटन विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है। माना जा रहा है कि इन आयोजनों से खजुराहो की पहचान देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।



