NH-30 पर बड़ा सड़क हादसा, यात्री बस पलटी, शिक्षिका की मौत, 15 घायल

जगदलपुर। बस्तर जिले में नेशनल हाइवे-30 पर सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कोंटा जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक हादसा बालेंगा कोसा सेंटर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रॉयल ट्रेवल्स की बस रायपुर से कोंटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में कवर्धा निवासी और दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका पद्मनी चंद्रवंशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी तेज था। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद नेशनल हाइवे-30 पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में जेसीबी की मदद से पलटी बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका चालक की लापरवाही या तेज रफ्तार को लेकर जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा।
इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने NH-30 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है।



