भीषण गर्मी में प्यासा तेंदुआ कुएं में गिरा, बालोद में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

बालोद। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब वन्यजीवों के लिए भी बड़ा संकट बनती जा रही है। बालोद जिले के जगतरा गांव में भोजन और पानी की तलाश में पहुंचा एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 4 साल का तेंदुआ देर रात गांव के पास स्थित एक कुएं में गिर गया। बताया जा रहा है कि पानी और शिकार की तलाश में वह आबादी वाले इलाके तक पहुंच गया था। कुएं में गिरने के बाद तेंदुआ मोटर पाइप के सहारे किसी तरह लटका रहा।
सुबह जब ग्रामीण पानी भरने पहुंचे तो कुएं के अंदर तेंदुए को देखकर हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कुएं के पास नहीं जाने की सलाह दी है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
विशेषज्ञों का मानना है कि भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के कारण वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे मानव और वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
फिलहाल वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



