राज्यपाल की सराहनीय पहल: विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के दंत उपचार के लिए एम्स को दी सहायता राशि

रायपुर.
राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने एम्स के दंत रोग चिकित्सा विभाग को अपने स्वेच्छानुदान से 5 लाख रुपए की राशि प्रदान की है। इस राशि का उपयोग इन बच्चों के दांतों से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए किया जा रहा है।

आज राज्यपाल ने स्वयं एम्स पहुंचकर दंत रोग चिकित्सा विभाग का अवलोकन किया और वहां उपचाराधीन बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं और इलाज की प्रक्रिया की जानकारी ली। राज्यपाल ने इस दौरान चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण और सहज सेवाएं देने के निर्देश दिए।
इस पहल का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को दंत रोगों से राहत दिलाना और उनके जीवन स्तर में सुधार करना है। राज्यपाल ने अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि ऐसे बच्चों की देखभाल और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।



