बेमेतरा में खराब सड़क निर्माण पर मुख्यमंत्री सख्त: कलेक्टर को जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले की नगर पंचायत दाढ़ी में नवनिर्मित सीसी रोड के जल्द क्षतिग्रस्त होने की खबरों पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं को फोन कर पूरे मामले की तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री और मानकों के उल्लंघन की गहन जांच की जाए। यदि अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त सड़क का तुरंत पुनर्निर्माण कराने और जिले के अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि फील्ड निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए ताकि जनता को टिकाऊ अधोसंरचना का लाभ मिल सके।



