सावधान! कटक में इलेक्ट्रिक गाड़ी बनी ‘आग का गोला’, ओडिशा हाई कोर्ट के बाहर खड़ी 4 गाड़ियां जलकर खाक; देखें डराने वाला वीडियो

कटक। चांदनी चौक इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओडिशा हाईकोर्ट के बाहर अचानक आग लग गई। घटना में चार वाहन आग की चपेट में आ गए, जिनमें से तीन पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले एक इलेक्ट्रिक वाहन में लगी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। देखते ही देखते आग पास में खड़ी दो स्कूटर और एक एसयूवी तक फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहन से अचानक आग की लपटें उठीं और कुछ ही मिनटों में आसपास खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा हाईकोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। वहीं लालबाग थाना पुलिस के जवानों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।
अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहन और दोनों स्कूटर पूरी तरह जल गए, जबकि एसयूवी को करीब 60 प्रतिशत नुकसान हुआ है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच जारी है।



