दुर्ग में शराब पार्टी के बाद युवक की मौत, गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद छत पर मिला शव

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में शराब पार्टी के बाद 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा था, जहां दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गर्लफ्रेंड ने युवक को थप्पड़ मारा, जिसके बाद वह गुस्से में छत पर चला गया। कुछ देर बाद वह छत पर बेसुध मिला। गर्लफ्रेंड ने उसे CPR देकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान सिद्धांत दान (28) के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय वहां अंजलीना के साथ रायगढ़ की रहने वाली उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। सभी ने रात में साथ बैठकर शराब पी।
शराब के नशे में हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक शराब पीने के दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि सिद्धांत ने नशे में अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत गुस्से में घर की छत पर चला गया।
कुछ देर बाद अंजलीना उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसने सिद्धांत को होश में लाने की कोशिश की और CPR भी दिया, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घर में मौजूद लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने गर्लफ्रेंड समेत मौके पर मौजूद सभी लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है, लेकिन सिद्धांत की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद के बाद सिद्धांत किस परिस्थिति में छत पर बेसुध हुआ और उसकी मौत कैसे हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।



