दुर्ग में खौफनाक वारदात: घर में घुसकर महिला ने मां-बेटे को उतारा मौत के घाट

दुर्ग । सुपेला थाना क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और उसके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी। हमले में दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि एक बच्ची ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। मृतका की पहचान रीना यादव के रूप में हुई है, उनके पति ललितेश यादव एसटीएफ में आरक्षक हैं और बीजापुर में पदस्थ हैं। घटना के वक्त वे रेलवे स्टेशन गए हुए थे।
शनिवार सुबह आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज घर पहुंची और सो रहे बच्चे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बच्चे पर 14 बार चाकू से वार किए गए। शुरुआती जानकारी में वारदात के पीछे अवैध संबंध का शक जताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि आरोपी एक दिन पहले भी घर आई थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था।
पड़ोसियों ने पकड़ा आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
हमले के दौरान मां ने किसी तरह बेटियों को बचाने की कोशिश की। एक बेटी बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी ने बाथरूम में छिपकर खुद को बचाया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला को पकड़ लिया। उसके हाथ से चाकू छीनकर पुलिस को सौंप दिया गया।
इलाज के दौरान रीना यादव और उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि घायल बेटियों का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


