दुर्ग-भिलाई में खुलेंगे दो नए CGHS वेलनेस सेंटर, केन्द्र सरकार के सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलेगी राहत

दुर्ग/भिलाई। दुर्ग और भिलाई में दो नए केन्द्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) वेलनेस सेंटर्स का उद्घाटन 14 नवम्बर को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में यह उद्घाटन समारोह का संचालन दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल करेंगे।
दुर्ग में वेलनेस सेंटर का उद्घाटन दोपहर 12 बजे बीएसएनएल एक्सचेंज, पटेल चौक (कलेक्टर कार्यालय के पास) में होगा। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मौजूद रहेंगे।
भिलाई में केंद्र का उद्घाटन दोपहर 1:30 बजे सेक्टर-1 स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज में होगा। इसमें भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव और वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन शामिल होंगे।
इन दोनों नए केंद्रों के खुलने से केन्द्र सरकार के सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानी, सांसद और पूर्व सांसद, राज्यपाल और पूर्व राज्यपाल, सर्वोच्च और उच्च न्यायालयों के सेवानिवृत्त न्यायाधीश तथा उनके आश्रित परिवारजनों को स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रमों की अध्यक्षता केन्द्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना के निदेशक डॉ. सतीश वाई. एच. (नई दिल्ली) और अपर निदेशक डॉ. नरसिंगराव सोमराज (नागपुर) करेंगे।



