महादेव सट्टा ऐप केस: 8 दिन की CBI पूछताछ के बाद 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर सौरभ चंद्राकर को भेजा गया जेल

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें फिलहाल कम होती नजर नहीं आ रही हैं। 8 दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यानी अब सौरभ चंद्राकर को अगले सात दिनों तक जेल में रहना होगा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सौरभ चंद्राकर को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान CBI ने उससे आगे पूछताछ के लिए दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की। जांच एजेंसी ने कोर्ट से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की अपील की, जिसे स्वीकार कर लिया गया। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) को भी कोर्ट से झटका लगा। ED की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट निष्पादित कराने के लिए दिया गया आवेदन अदालत ने खारिज कर दिया।
दरअसल, CBI पिछले आठ दिनों से सौरभ चंद्राकर से महादेव सट्टा नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही थी। इस दौरान पैनल ऑपरेटरों की भूमिका, हवाला के जरिए हुए कथित वित्तीय लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी के संबंध में अहम जानकारियां जुटाई गई हैं। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक कड़ियों को जोड़ने में लगी है। खास तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ऑनलाइन सट्टे से जुटाई गई रकम किन-किन लोगों तक पहुंची और इस कथित सिंडिकेट को किन लोगों का संरक्षण हासिल था।
इसी कड़ी में CBI ने मामले से जुड़े चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली भी बुलाया है। अधिकारियों से पूछताछ के जरिए सट्टा नेटवर्क में उनकी संभावित भूमिका और कथित लेनदेन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के बाद 1 नवंबर को भारत लाया गया था। इसके बाद CBI ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। अब न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने के बाद जांच की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
महादेव सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस नेटवर्क के जरिए जुटाई गई करोड़ों की रकम का असली लाभार्थी कौन था और इस कथित सट्टा सिंडिकेट को किन प्रभावशाली लोगों का संरक्षण मिला हुआ था। आने वाले दिनों में पूछताछ और जांच से इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।



