फर्जी सेमिनार का जाल, 1.89 करोड़ की लूट: भोपाल में पूर्व छात्र निकला मास्टरमाइंड

भोपाल. क्राइम ब्रांच ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर से 1.89 करोड़ रुपए की संगठित लूट का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सेमिनार और नए सेंटर खोलने का झांसा देकर पीड़िता को दिल्ली से भोपाल बुलाया और हथियारों के दम पर बंधक बनाकर रकम ट्रांसफर कराई।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रियांक शर्मा, जो अकैडमी का पूर्व छात्र है, ने पूरी साजिश रची। उसने साथियों के साथ मिलकर शुभ्रा रंजन को बागसेवनिया स्थित फ्लैट में दो दिन तक बंधक बनाकर पिस्टल और कट्टे की नोक पर 1.89 करोड़ रुपए ‘जनकशिला’ और ‘आरएस इंटरप्राइजेस’ के खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में पूरी रकम बैंक खातों में होल्ड करा दी। पुलिस के अनुसार, राशि लौटाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पीड़िता को पैसा वापस मिल जाएगा। पीड़िता भदभदा क्षेत्र के एक फाइव स्टार होटल में ठहरी थीं, जहां से आरोपी उन्हें फ्रेंचाइजी के नाम पर अपने साथ ले गया।
आरोपियों ने डर पैदा करने के लिए अपने ही साथी के अपहरण का फर्जी वीडियो बनाया और वारदात से पहले किराए के मकान में सुंदरकांड का आयोजन कराया, ताकि किसी को शक न हो सके। इस वारदात के लिए दतिया और रीवा से हथियारबंद बदमाश बुलाए गए थे।
घटना के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एम्स अस्पताल के ICU में भर्ती होने का नाटक किया, लेकिन पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अस्पताल में हंगामे की स्थिति भी बनी रही।


