सीएम साय ने थामा बैट: गांव के बच्चों संग खेला क्रिकेट, तुरंत दिए स्पोर्ट्स किट के निर्देश

रायपुर। राजधानी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के ग्राम भैंसामुड़ा दौरे के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ पहुंचे और वहां बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। मैदान में खेल रहे बच्चों का उत्साह देख सीएम बिना औपचारिकता सीधे खेल में शामिल हो गए, जिससे माहौल उत्साह से भर गया।

सीएम साय ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और खेल में रुचि की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की स्थिति को भी समझा। उन्होंने स्थानीय खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी चर्चा कर जमीनी हालात की जानकारी हासिल की।
बच्चों के जोश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध कराई जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
दौरे के दौरान सीएम ने सरपंच रोशन प्रताप सिंह से गांव के विकास कार्यों और जरूरतों पर चर्चा की और जरूरी पहल सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम साय का यह दौरा प्रशासनिक समीक्षा से आगे बढ़कर जमीनी जुड़ाव का संदेश देता नजर आया, जहां बच्चों के साथ बिताए पल ग्रामीणों में उत्साह और भरोसा बढ़ाने वाले रहे।


