महासमुंद के शिशुपाल पर्वत से कूदकर प्रेमी जोड़े ने दी जान

महासमुंद
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल शिशुपाल पर्वत पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार सुबह पर्वत की तलहटी में एक युवक और युवती की लाश मिली। मृतकों की पहचान बारीकपाली गांव के निवासी डिलेश्वर साव और उसी गांव की एक युवती के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आशंका है कि दोनों ने पर्वत की ऊंचाई से कूदकर आत्महत्या की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग पर्यटकों से शुल्क तो वसूलता है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।


