भैंस तस्करी पर बड़ा एक्शन: 5 आरोपी गिरफ्तार, 15 मवेशी और 3 पिकअप जब्त

जांजगीर-चांपा. जिले में शिवरीनारायण पुलिस ने अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 भैंस और तस्करी में इस्तेमाल हो रहे 3 पिकअप वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, जब्त मवेशियों की कीमत करीब 2.25 लाख रुपये और वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी भैंसों को ओडिशा के बूचड़खाने ले जा रहे थे।
गिरफ्तार सभी आरोपी ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी हैं, जिनमें मुकेश ऐडजा, राजेश मांझी, निरंजन कोलारी, रूपेश कुमार और प्रकाश राणा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिवहन अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



