अक्षय तृतीया पर खुले गंगोत्री धाम के कपाट, चारधाम यात्रा 2026 की भव्य शुरुआत

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड में आस्था का महापर्व शुरू हो गया है। गंगा मैया की डोली श्री गंगोत्री धाम पहुंच चुकी है और अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आज 19 अप्रैल को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है।
गंगोत्री धाम के कपाट खुलने से पहले मां गंगा की भोग मूर्ति विग्रह डोली अभिजीत मुहूर्त में मुखबा गांव से रवाना हुई थी। आर्मी बैंड और ढोल-दमाऊं की अगुवाई में, समेश्वर देवता की देवडोली के साथ श्रद्धालुओं की मौजूदगी में डोली ने 7 किलोमीटर के कठिन मार्ग को पार किया और भैरों घाटी में रात्रि विश्राम के बाद गंगोत्री पहुंची। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं में इस दौरान भारी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित और सुचारु यात्रा के लिए लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष यात्रा पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी और श्रद्धालु देवभूमि की यादों को साथ लेकर लौटेंगे।
चारधाम यात्रा के शुरू होते ही उत्तराखंड में तीर्थाटन का सिलसिला तेज हो गया है और प्रशासन ने सुरक्षा, व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।



