रायपुर उत्तर में युवा कांग्रेस को नया चेहरा: नवाज खान को मिली कमान, संगठन में नई ऊर्जा का संकेत

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन को धार देने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए नवाज खान को रायपुर उत्तर विधानसभा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती और जमीनी पकड़ बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नवाज खान की सक्रियता और अनुभव से संगठन को नई गति मिलेगी। नवाज ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव लड़कर की थी और युवा साथियों के समर्थन से उपाध्यक्ष चुने गए थे। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार, युवाओं को जोड़ने और जनसमस्याओं को उठाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने रायपुर उत्तर में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। हाल ही में फिल्टर प्लांट पाइपलाइन फटने से पैदा हुए जल संकट के दौरान वे प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में आगे रहे।
उनकी कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रभारी अमित सिंह पठानिया और सह-प्रभारी डॉ. मोनिका मंदरे ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
नवाज खान ने नियुक्ति पर कहा कि यह भरोसा युवाओं और नेतृत्व के विश्वास का परिणाम है। वे पार्टी की विचारधारा को मजबूत करते हुए युवा, किसान, मजदूर और आम लोगों की आवाज को और मजबूती से उठाएंगे।



