सुशासन तिहार कार्यक्रम में चाकूबाजी, सरपंच घायल; डोंगरगढ़ के पलांदूर में मचा हड़कंप

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक स्थित ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान अचानक चाकू से हमला हो गया। इस घटना में ग्राम सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधन चल रहा था। इसी बीच गांव निवासी जितेंद्र यादव (36 वर्ष) अचानक वहां पहुंचा और चाकू से हमला कर दिया। हमला होते ही मौके पर मौजूद ग्रामीण और अन्य लोग सक्रिय हो गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना ऐसे समय हुई है, जब प्रदेशभर में सुशासन तिहार 2026 के तहत सरकार गांव-गांव समाधान शिविर और जनसुनवाई कार्यक्रम चला रही है। इन कार्यक्रमों में प्रशासन सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुनने और मौके पर समाधान देने का दावा कर रहा है। लेकिन पलांदूर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। अचानक हुए हमले से महिलाएं और बच्चे भी घबरा गए। कुछ देर तक कार्यक्रम स्थल पर तनाव का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने स्थिति को संभाला।
बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान यह पहली विवादित घटना नहीं है। इससे पहले भी पट्टे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों को घंटों घेर लिया था। उस दौरान पुलिस बल बुलाना पड़ा था।
अब पलांदूर की चाकूबाजी ने सरकारी आयोजनों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। हमले के पीछे की वजह पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।



