राजधानी में फैली गंदगी पर निगम उपायुक्त और जोन आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी, 3 दिन के भीतर मांगा गया जवाब…

रायपुर। राजधानी रायपुर में फैली गंदगी पर नगरीय प्रशासन विभाग ने रायपुर नगर पालिका निगम के दो वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने कहा.
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से रायपुर निगम उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी को जारी नोटिस में कहा गया है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है, किन्तु आपके द्वारा वरिष्ठालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपनी कार्य प्रणाली में आशातीत सुधार नहीं किया गया है.
नोटिस में कहा गया है कि आए दिन समाचार पत्रों में जगह-जगह गंदगी फैले होने संबंधी समाचार प्रकाशित होते हैं, जो नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल करने के साथ-साथ आपकी (रायपुर निगम उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा, जोन क्रमांक-4 आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी) कार्य प्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है.
आयुक्त के माध्यम से देंगे जवाब
विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम (अधिकारियों तथा सेवकों की नियुक्ति एवं सेवा के निबंधन एवं शर्तें) नियम, 2018 के प्रावधानों के तहत जारी नोटिस पर 3 दिनों के भीतर रायपुर नगर निगम के आयुक्त के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने को कहा है. निर्धारित समयावधि में जवाब नहीं दिए जाने पर नियमानुसार एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.



