पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती का सीएम साय ने किया स्वागत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार द्वारा की गई एक्साइज ड्यूटी में कटौती के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि डीजल को एक्साइज ड्यूटी से मुक्त करना और पेट्रोल पर 10 रुपये की कटौती कर इसे 3 रुपये प्रति लीटर करना एक ऐतिहासिक निर्णय है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह फैसला देश के 140 करोड़ नागरिकों को सीधे राहत पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रत्येक परिवार, किसान, श्रमिक और मध्यमवर्ग को व्यापक लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से वैश्विक संकट के बीच भी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ेगा। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में देशवासियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए लिया गया यह फैसला प्रधानमंत्री Narendra Modi की संवेदनशीलता, दूरदर्शिता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है। मुख्यमंत्री साय ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।


