रायपुर पहुंचे सांसद वीडी शर्मा, राहुल गांधी पर साधा निशाना- ‘छोटी और ओछी राजनीति’ करने का लगाया आरोप

रायपुर। भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर बुधवार को रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने पर प्रतिक्रिया दी।
वीडी शर्मा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष के नेता का अपना एक व्यक्तित्व होता है, लेकिन राहुल गांधी का क्या व्यक्तित्व है? उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति में छोटी और ओछी राजनीति करने वाले राहुल गांधी हैं।
भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने वीडी शर्मा का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और डॉ. नवीन मार्कंडेय, सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा और भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान की बैठक में होंगे शामिल
वीडी शर्मा बुधवार, 9 सितंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह मध्यप्रदेश के लिए रवाना होंगे।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर आयोजित बैठक में अभियान की 13 टोलियां शामिल होंगी। बैठक में जनसंवाद और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी मंथन होगा।



