सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में नियुक्त होंगे 3 नए न्यायाधीश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जल्द ही तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति होने की संभावना है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में न्यायाधीश सुषमा सावंत, सुधीर कुमार और संतोष शर्मा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किए जाने की अनुशंसा की है। इन नियुक्तियों के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 11 से बढ़कर 14 हो जाएगी।

सुषमा सावंत को न्यायिक सेवा का लंबा अनुभव
न्यायाधीश सुषमा सावंत ने न्यायिक सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभाली हैं। वह महासमुंद, बिलासपुर और राजनांदगांव में जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी की निदेशक, बिलासपुर कुटुंब न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश और छत्तीसगढ़ शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह इसी विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
सुधीर कुमार को न्यायिक प्रशासन का अनुभव
न्यायाधीश सुधीर कुमार ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिला न्यायालयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह रायपुर में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय और विशेष न्यायालय में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा बिलासपुर, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, दंतेवाड़ा, धमतरी और दुर्ग समेत कई जिलों में न्यायिक पदों पर कार्य किया है।
उन्हें विजिलेंस, अनुशासन और न्यायिक प्रशासन का व्यापक अनुभव है। न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण और क्षमता विकास से जुड़े कार्यों के साथ-साथ हाईकोर्ट प्रशासन और लोक सेवा आयोग को कानूनी सलाह देने का अनुभव भी उनके पास है।
2009 में न्यायिक सेवा में आए संतोष शर्मा
न्यायाधीश संतोष शर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के सीहोर के रहने वाले हैं। उन्होंने 19 मार्च 2009 को सीधे उच्च न्यायिक सेवा में प्रवेश किया था। वर्तमान में वह कोरबा में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें 16 वर्ष से अधिक का न्यायिक अनुभव है।
उन्होंने बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, दंतेवाड़ा, बलौदाबाजार, रायपुर और सूरजपुर में विभिन्न न्यायिक पदों पर सेवाएं दी हैं। वह बिलासपुर हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा अंबिकापुर में एससी-एसटी एक्ट के विशेष न्यायाधीश, दंतेवाड़ा और बलौदाबाजार में जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सूरजपुर में कुटुंब न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या 14 हो जाएगी।



