मिडिल ईस्ट में युद्ध के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर, होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित निकला भारतीय जहाज

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कई दिनों तक होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसा भारतीय झंडे वाला जहाज ‘जग वसंत’ सुरक्षित भारत पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह यह जहाज गुजरात के एक बंदरगाह पर पहुंचा, जिससे नाविकों के साथ-साथ देश की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर भी चिंता कम हुई है।
जानकारी के अनुसार, ‘जग वसंत’ एलपीजी गैस लेकर आ रहा था और इसमें 33 भारतीय नाविक सवार थे। सभी नाविक सुरक्षित हैं। इससे पहले ‘पाइन गैस’ नाम का एक अन्य भारतीय जहाज भी इसी मार्ग से सफलतापूर्वक गुजर चुका है।
शिप ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, कुछ दिन पहले दोनों जहाजों को ईरान के लारक और केश्म द्वीपों के बीच देखा गया था, जहां हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए थे। ईरान और अन्य देशों के बीच जारी संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य प्रभावित हुआ है, जिससे कई देशों के जहाज बीच रास्ते में फंस गए थे। इनमें भारत के करीब 22 जहाज भी शामिल थे।
बताया जा रहा है कि ‘जग वसंत’ और ‘पाइन गैस’ जैसे जहाजों पर कुल मिलाकर लगभग 92,612 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी हुई है, जो भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में इन जहाजों का सुरक्षित पहुंचना देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
फिलहाल अन्य फंसे जहाजों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। सरकार और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि सप्लाई चेन प्रभावित न हो।



