रामनवमी की बधाई के बहाने विधायक पुरंदर मिश्रा का कांग्रेस पर निशाना, बताया क्यों जरूरी है राम की शरण

रायपुर। विधायक पुरंदर मिश्रा ने रामनवमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सभी को रामनवमी का पर्व मनाना चाहिए और खासकर कांग्रेस को भी इस दिन पूजा करनी चाहिए, क्योंकि पार्टी का जनाधार लगातार घट रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम को काल्पनिक न मानकर श्रद्धा के साथ रामनवमी मनाई जानी चाहिए।
कांग्रेस द्वारा पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस कथनी और करनी में अंतर रखती है। उनका आरोप है कि पार्टी अब तक प्रदेश, ब्लॉक और मंडल स्तर पर संगठन खड़ा नहीं कर पाई है, ऐसे में पंचायत स्तर पर कमेटियां बनाना उसके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनाधार तेजी से खिसक रहा है।
छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा मुख्य सचिव को नोटिस भेजे जाने पर, पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर पहलू पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि शासन अपने स्तर पर कार्य कर रहा है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



