Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में हुआ चमत्कार! जब बादलों को चीरकर सूर्य देव ने किया रामलला का तिलक, पीएम मोदी ने किए वर्चुअल दर्शन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में रामनवमी का पर्व इस वर्ष विशेष उल्लास के साथ मनाया गया। भव्य राम मंदिर में सूर्य की किरणों से भगवान श्रीराम का सूर्य तिलक हुआ, जिसे देखकर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस दिव्य क्षण का देशभर में उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी वर्चुअल माध्यम से रामलला के सूर्य तिलक के दर्शन किए।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, तप और मर्यादा का प्रतीक है, जो हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने देशवासियों के कल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की।
रामनवमी के अवसर पर आयोजित सूर्य तिलक कार्यक्रम ने जन्मोत्सव को चरम पर पहुंचा दिया। सुबह मौसम में बदलाव के बावजूद ठीक 11 बजकर 50 मिनट पर सूर्य की किरणें प्रकट हुईं और दोपहर 12 बजे से करीब पांच मिनट तक रामलला के ललाट पर तिलक करती रहीं। इस अद्भुत दृश्य ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर परिसर में रामलला और राम परिवार के समक्ष बधाई गान का आयोजन किया गया। श्रद्धालु, साधु-संत और ट्रस्ट से जुड़े लोग भक्ति में लीन होकर नृत्य और संगीत के माध्यम से उत्सव मनाते नजर आए। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई गईं, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु कार्यक्रम का आनंद ले सके।
गौरतलब है कि भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद वर्ष 2024 में पहली बार सूर्य तिलक का आयोजन किया गया था। इस विशेष व्यवस्था को साकार करने में वैज्ञानिक संस्थानों और विशेषज्ञों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिससे विज्ञान और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।



