रामगढ़ महोत्सव की तैयारियां तेज, 29-30 जून को होगा भव्य आयोजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया तैयारियों का जायजा
रायपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ में होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 29 और 30 जून को आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। आयोजन को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन और विभिन्न विभाग पूरी सक्रियता से जुटे हुए हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने गुरुवार को रामवनगमन पर्यटन परिपथ और विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला मानी जाने वाली रामगढ़ धरोहर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सीताबेंगरा, हाथी पोल, हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग, पंडाल, बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का अवलोकन किया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी और विभागीय स्टॉलों की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महोत्सव में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि रामगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों, सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम भी है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने भी सभी विभागों को सौंपे गए कार्यों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित हो।
रामगढ़ महोत्सव 2026 को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। उम्मीद है कि इस आयोजन से सरगुजा जिले की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी।



