धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर सियासत तेज, मंत्री रामविचार नेताम ने दिया बड़ा बयान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि नए कानून के लागू न होने या पुराने अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने संबंधी कोई शिकायत सामने आती है, तो प्रशासन उसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस का धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर चिंतित होना अच्छी बात है और यह कानून जल्द ही लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में ऐसे लोग, जो पहले राम मंदिर का नाम लेने से भी बचते थे, अब मंदिर जाने लगे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि समय के साथ लोगों के विचार और दृष्टिकोण में बदलाव दिखाई दे रहा है और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में कई नेताओं के बयानों में भी यह परिवर्तन स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।



