बंगाल रिजल्ट पर ममता का बड़ा बयान: काउंटिंग सेंटर न छोड़ें, आखिरी राउंड में TMC जीतेगी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में भाजपा की प्रचंड बढ़त के बीच मुख्यमंत्री Mamata Banerjee का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को काउंटिंग सेंटर पर डटे रहने की अपील करते हुए दावा किया कि अंतिम राउंड के बाद तृणमूल कांग्रेस ही जीत हासिल करेगी।
ममता बनर्जी ने कहा कि अभी केवल शुरुआती राउंड की गिनती हुई है और पूरी तस्वीर सामने आना बाकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह काउंटिंग प्रक्रिया प्रभावित की जा रही है और टीएमसी को जानबूझकर पीछे दिखाया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार किसी भी हालत में सेंटर न छोड़ें। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि सेंट्रल फोर्स के जरिए पार्टी पर दबाव बनाया जा रहा है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही है।
ममता बनर्जी ने दावा किया कि 100 से ज्यादा सीटों पर टीएमसी आगे है, लेकिन इसे सही तरीके से नहीं दिखाया जा रहा। उन्होंने कहा कि 14 से 18 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद ही असली नतीजे सामने आएंगे और पार्टी जीत दर्ज करेगी।फिलहाल रुझानों में भाजपा मजबूत स्थिति में दिख रही है, लेकिन अंतिम परिणाम का इंतजार जारी है।



