पंजाब की राजनीति में बड़ा भूचाल, AAP मंत्री संजीव अरोड़ा गिरफ्तार

चंडीगढ़.
पंजाब की राजनीति में शनिवार को बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया, जब आम आदमी पार्टी सरकार के उद्योग मंत्री Sanjeev Arora को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया। ED ने उन पर 100 करोड़ रुपये के फर्जी GST खरीद घोटाले और विदेश से काले धन को भारत लाने का गंभीर आरोप लगाया है।

ED के मुताबिक, संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़ी कंपनियों पर फर्जी कंपनियों के जरिए नकली बिल खरीदने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि इन फर्जी बिलों के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट लेकर सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि मोबाइल फोन खरीद के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपये की फर्जी एंट्री दिखाई गई। आरोप है कि इन मोबाइल फोनों को विदेश भेजने का दावा किया गया, जबकि असल में दुबई से आए पैसों को भारत में वापस लाने का खेल चल रहा था। इस प्रक्रिया को ‘राउंड ट्रिपिंग’ कहा जाता है।
शनिवार सुबह करीब 7 बजे ED की टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित अरोड़ा के घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान लगभग 20 गाड़ियों में अधिकारी पहुंचे और सुरक्षा के लिए CIA व स्पेशल फोर्स के करीब 36 जवान तैनात किए गए। दिल्ली और गुरुग्राम में भी छापेमारी की गई। गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी के दफ्तर को भी जांच के दायरे में लिया गया।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। AAP प्रमुख Arvind Kejriwal ने BJP पर हमला बोलते हुए कहा कि यह विपक्ष को दबाने की साजिश है और BJP पंजाब से लंबे समय के लिए खत्म हो जाएगी।



