कचना ओवर-ब्रिज जल्द होगा शुरू, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया निरीक्षण

राजधानी Raipur में लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। खम्हारडीह-कचना रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहा रेलवे ओवर-ब्रिज अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। गुरुवार को उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री Arun Sao ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने ओवर-ब्रिज पर पैदल चलकर तकनीकी गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही ब्रिज पर बेहतर क्वालिटी की लाइटिंग और पोल लगाने के निर्देश भी दिए।
96 प्रतिशत काम पूरा
अधिकारियों ने बताया कि कचना ओवर-ब्रिज का करीब 96 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अभी पेंटिंग और फिनिशिंग का काम जारी है। इसके बाद नाली निर्माण और लाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। बचा हुआ काम तेजी से पूरा कर जल्द ही ओवर-ब्रिज को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि इस ओवर-ब्रिज के शुरू होने से रायपुर शहर और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे फाटक बंद होने और लंबे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजधानी के यातायात को तेज और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
49 करोड़ की लागत से बन रहा पुल
लोक निर्माण विभाग के मुताबिक रायपुर-वाल्टेयर रेलवे लाइन पर खम्हारडीह और कचना के बीच यह ओवर-ब्रिज करीब 49 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है। पुल के रेलवे वाले हिस्से के साथ दोनों छोरों और पहुंच मार्ग का काम पूरा हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव Mukesh Kumar Bansal, प्रमुख अभियंता V. K. Bhatpahari और सेतु संभाग के मुख्य अभियंता S. K. Kori भी मौजूद रहे।



