आखिरकार आया मानसून: दंतेवाड़ा से छत्तीसगढ़ में एंट्री, कई जिलों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट

. गर्मी से मिलेगी राहत, अगले 48 घंटे में बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
रायपुर। लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले से मानसून के प्रवेश की पुष्टि की। इसके साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब धीरे-धीरे राज्य के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से कई जिलों में बादल छाने, बारिश होने और तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।
किसानों के लिए अच्छी खबर
मानसून की एंट्री से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खरीफ सीजन की फसलों की बुवाई के लिए अब अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि समय पर अच्छी बारिश होने से खेती को बड़ा फायदा मिलेगा।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में राज्य के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। बारिश का दायरा भी लगातार बढ़ने की संभावना है।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली गिरने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, राजनांदगांव, कबीरधाम, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। तेज हवा की रफ्तार कुछ जगहों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।



