सरगुजा में हाथियों का आतंक: घर और स्कूल में तोड़फोड़, ग्रामीणों में दहशत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया है। मैनपाट वन परिक्षेत्र में रात के समय हाथियों ने एक घर और स्कूल को नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, हाथियों का दल कापू रेंज के जोबलपानी से धौवरघाट के बीच जंगल में विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात चुरकीपानी गांव में हाथियों ने एक घर को पूरी तरह तोड़फोड़ कर तहस-नहस कर दिया, जिससे एक परिवार बेघर हो गया।
इसके अलावा कडराजा कॉलोनी में भी हाथियों ने स्कूल भवन को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि इन घटनाओं में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है।
लगातार हो रहे हाथी हमलों के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग लगातार मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील कर रहा है।



